December 10, 2025

बिट्टु सिंह ने जदयू तो विजय चौबे ने राजद की सदस्यता ग्रहण की

पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह के पटना स्थित आवास पर रितेश रंजन सिंह उर्फ बिट्टु सिंह ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। श्री सिंह पूर्व में पार्टी के महासचिव पद पर कार्य कर चुके हैं। ये सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। श्री सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए बताया कि आज बिहार में जदयू का कोई विकल्प नहीं है। मंत्री अशोक चौधरी, बिहार विधान परिषद के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह गांधी जी एवं प्रदेश महासचिव अनिल कुमार ने श्री सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आज समाज में हर तबके के जागरूक लोग जदयू से लगातार जुड़ रहे हैं।

पूर्व विधायक के पुत्र विजय चौबे ने ली राजद की सदस्यता
पटना। राजद कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पूर्व विधायक बच्चा चौबे के पुत्र विजय कुमार चौबे, पूर्व अपर सचिव भारत सरकार को राजद की सदस्यता ग्रहण करायी। श्री चौबे ने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के सामाजिक न्याय एवं धर्मनिरपेक्षता की धारा को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने माला पहनाकर विजय चौबे का पार्टी में स्वागत किया। श्री चौबे ने कहा कि आज देश को लालू प्रसाद जैसे नेता के हाथ को मजबूत करने की जरूरत है। केन्द्र और राज्य सरकार की नीतियों से आज सभी लोग परेशान हैं। इसलिए आज हम राजद की सदस्यता ग्रहण कर संघर्ष की इस घड़ी में लालू प्रसाद के नीतियों के साथ चलने को तैयार हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अवध बिहारी चौधरी, प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी, राजद विधि प्रकोष्ठ गोपालगंज के अध्यक्ष चन्द्रशेखर चौबे, बृजभूषण चौबे, सत्येन्द्र उपाध्याय, कामेश्वर तिवारी, विरेन्द्र चौधरी इत्यादि लोग उपस्थित थे।

You may have missed