January 26, 2026

बाढ़ : मछली मारने के विवाद में शख्स को मारी गोली, टेंपो और हवा-हवाई के बीच टक्कर में एक घायल

बाढ़। पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के भटगांव में मछली मारने के विवाद में एक शख्स को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। उक्त घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया है। हालांकि घटना की असली वजह क्या है यह अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, भटगांव में मछली मारने के विवाद में एक शख्स को गोली मार दी गई। गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी व्यक्ति को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत उसे बेहतर चिकित्सा के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जब घटना की विस्तृत जानकारी के लिए एएसपी को फोन किया तो बात नहीं हो सकी। जिसके कारण अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि उक्त शख्स को गोली खुद लगी है या किसी के द्वारा मारा गया है। उधर, चर्चा यह है कि मछली मारने के क्रम में दो पक्षों के बीच उठे विवाद में गोली लगी है। बहरहाल, घटना के पीछे असली वजह क्या है, जांच के बाद ही पता चल पाएगी।
टेंपो और हवा-हवाई के बीच टक्कर, एक घायल
वहीं एक अन्य घटना में बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत एनटीपीसी थाना क्षेत्र के नवादा गेट के सामने एक टेंपो और हवा-हवाई के बीच टक्कर में हवा-हवाई पर सवार एक व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया। जिसे स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल बाढ़ ले जाया गया, जहां उक्त व्यक्ति का इलाज चल रहा है। जख्मी व्यक्ति स्थानीय महाराजगंज का रहने वाला बताया जाता है।

 

 

You may have missed