PATNA : बम को गेंद समझ पटक-पटक खेल रहे थे दो बच्चे, अचानक हुए धमाके में एक गंभीर

पटना सिटी। पटना सिटी के खांजेकला थाना क्षेत्र के ललन पीच इलाके में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब देशी बम को गेंद समझ कर दो बच्चे आपस में पटक-पटक कर खेलने लगे। इस दौरान बम विस्फोट कर गया और दोनों बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।


मिली जानकारी के अनुसार, 5 साल का पवन और 3 साल का रोहन अपने घर के पास शुक्रवार की दोपहर तीन बजे के करीब खेल रहे थे। पास में ही कूड़े का ढ़ेर लगा है। खेलने के क्रम में कूड़े का ढ़ेर से दोनों बच्चों को देशी बम मिल गया। जिसे वो गेंद समझ बैठे। फिर दोनों बच्चे बम को गेंद समझ कर पटक-पटक कर खेलने लगे। पटके जाने के बीच अचानक से बम जोरदार धमाके के साथ ब्लास्ट कर गया। खेल रहे दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। बम विसफोट की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। तभी सभी लोगों की नजर घायल हुए दोनों मासूम बच्चों पर पड़ी। आनन-फानन में दोनों को गुरुगोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग लोग भागते हुए अस्पताल पहुंचे। दोनों बच्चों में पवन गंभीर रूप से घायल बताया जाता है। उसके चेहरे को काफी नुकसान पुहंचा है। जबकि, रोहन को कम नुकसान हुआ है। वो मामूली रूप से घायल है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही खांजेकला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जिस जगह पर बम ब्लास्ट हुआ। थानेदार के अनुसार दोनों बच्चे बम ब्लास्ट से घायल हुए या किसी पटाखा से, इसकी अभी जांच चल रही है।

You may have missed