फतुहा : सरिया फैक्ट्री मे रॉलिंग मशीन के चपेट में आने से मजदूर की मौत, मचा कोहराम

फतुहा। गुरुवार की शाम पटना के नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर स्थित नील कमल सरिया फैक्ट्री में कार्यरत एक मजदूर की रॉलिंग मशीन के चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री में कोहराम मच गया। लोग घटनास्थल की ओर दौड़े तथा तत्काल मशीन को बंद कर उसके शव को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस व फतुहा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। उधर जानकारी होते ही मजदूर के परिजन भी फैक्ट्री पहुंच गए। फैक्ट्री प्रशासन के द्वारा तत्काल मृतक मजदूर के आश्रित परिवार को चार लाख रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाने का आश्वासन दिया गया। आश्वासन के साथ ही उसी समय मृतक के परिजन को फैक्ट्री प्रशासन के द्वारा ढाई लाख रुपए तथा अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक राशि प्रदान की गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया।
मृतक मजदूर की पहचान सबलपुर निवासी योगेश्वर महतो के 30 वर्षीय पुत्र राज कुमार महतो के रुप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक मजदूर सरिया फैक्ट्री के अंदर रॉलिंग मशीन पर काम कर रहा था। काम करने के दौरान उसकी एक हाथ अनियंत्रित होकर रॉलिंग मशीन में चला गया। रॉलिंग मशीन में हाथ घुसते ही वह मशीन पर ही सिर के बल गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रुप से चोटिल हो गया तथा घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जहां सरिया फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों के बीच गहरा सदमा पहुंचा है, वहीं मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है।

About Post Author

You may have missed