फतुहा में चोरों का आतंक : गोदाम का ताला काटकर 8 लाख रुपये के उड़ाए प्याज

फतुहा। पटना जिला के फतुहा प्रखंड में चोरों का आतंक कायम है। पिछले दिनों चोरों की मंडली ने एक मोबाइल कंपनी के वेयर हाउस पर धावा बोला था, हालांकि गार्ड के सूझबूझ की वजह से चोरी की बड़ी वारदात होने से बची थी, उस दौरान भी दर्जन भर चोरों के शामिल होने की बात सामने आयी थी। वहीं गुरूवार की रात्रि फतुहा थाना क्षेत्र में एक बड़े प्याज गोदाम का ताला काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। इस वारदात में भी दर्जन भर से अधिक चोरों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।
बता दें गुरूवार की रात सोनारु स्थित एक बड़े प्याज गोदाम का ताला काटकर चोरों ने प्याज की 375 बोरी पैकेट चोरी कर ली। इतना ही नहीं, चोरों ने गोदाम के उपर बने एक कमरे का भी ताला तोड़कर आलमारी से साढ़े सात हजार रुपए नकद की चोरी कर ली। जाते-जाते चोरों ने गोदाम में रखे दो वेटिंग मशीन (कांटा) तथा ट्रैक्टर के दो बैट्री भी खोलकर साथ लेते गए। गोदाम मालिक को इस बात की जानकारी तब हुई जब शुक्रवार की सुबह वे अपने गोदाम पहुंचे। उन्होंने देखा की गोदाम से लाखों रुपये की प्याज गायब है। गोदाम मालिक सह प्याज व्यापारी कोल्हर गांव निवासी धीरज कुमार ने तत्काल इस बात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, चोरों ने करीब 8 लाख रुपये की क्षति पहुंचाई है। उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस घटना को अंजाम 10 से 15 की संख्या में रहे चोरों ने अंजाम दिया है तथा प्याज की बोरी को किसी वाहन पर लोड कर ले भागे हैं। यह प्याज का गोदाम सोनारु गांव से बाहर तथा फोरलेन से करीब पांच सौ गज की दूरी पर अवस्थित है। यही कारण है कि एक साल पहले भी चोरों ने इसी गोदाम पर हमला कर करीब 10 लाख रुपये की प्याज चोरी कर ली थी।