February 16, 2026

पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह की जयंती पर बोले तेजस्वी, देश-प्रदेश का किसान फटेहाल और लाचार

पटना। राजद कार्यालय में किसानों के मसीहा एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की 118वीं जयंती किसान दिवस के रूप में प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह की अध्यक्षता में मनायी गयी। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने कहा कि चौधरी साहब सच्चे अर्थों में किसानों के नेता थे। उन्होंने आजीवन किसानों के हित में कार्य किया। उन्होंने किसानों की बदहाली की चर्चा करते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश का भरण-पोषण करने वाला किसान फटेहाल और लाचार है।
वहीं जगदानन्द सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह हमेशा कहा करते थे कि भारत की आत्मा खेत और खलिहानों से गुजरती है और जब तक किसानों को उनके फसलों के उपज का लाभ नहीं मिलेगा, तब तक भारत समृद्धि की ओर नहीं बढ़ेगा। राजद चौधरी चरण सिंह के विचारों और उनके सिद्धांतों पर कृतसंकल्पित रहा है।
इस मौके पर स्व. चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण करने वालों में विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, चद्रहास चौपाल, पूर्व मंत्री श्याम रजक, पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव, विजय प्रकाश, रविन्द्र सिंह, अनवर आलम, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध कुमार यादव सहित दर्जनों नेता-कार्यकर्ता शामिल थे।

You may have missed