पटना पहुंचा रघुवंश सिंह का पार्थिव शरीर, सीएम नीतीश, राबड़ी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री व राजद के कद्दावर नेता रघुवंश प्रसाद सिंह का रविवार को दिल्ली एम्स में निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। बीते शनिवार को तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। इसके पूर्व आइसीयू से ही तीन दिन पहले उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल से इस्तीफा देने को अपना पत्र जारी किया था। जिसके बाद बिहार की राजनीति गर्मा गई थी। रविवार रात उनका पार्थिव शरीर पटना पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील मोदी और राजद नेता राबड़ी देवी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें पीएम मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरजडी चीफ लालू प्रसाद सहित कई बड़े नेताओं ने रघुवंश प्रसाद के निधन पर शोक जताया है।


