पटना की स्थिति नारकीय, अब मंत्रीजी के घर के बाहर फेंका मृत पशु, मौर्यालोक की सुरक्षा बढ़ी

पटना। राजधानी पटना दुर्गंध से त्राहि-त्राहि कर रही है। पिछले तीन-चार दिनों से जारी पटना नगर निगम के चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों के हड़ताल के कारण राजधानी के सड़कें कूड़ा-कचरा से अटा पड़ा है। चौक-चौराहों के साथ गली-मुहल्लों में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जिससे लोगों का जीना मुहाल है, लोग बिमारी को लेकर खौफजदा हैं। वहीं सरकार कान में तेल डाले सोयी हुई है। चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की हड़ताल को खत्म करने का कोई प्रयास सरकारी स्तर पर नहीं किया जा रहा है। इसे लेकर एक तरफ जहां बिहार सरकार अपनी जिद पर अड़ी है तो वहीं हड़ताली कर्मचारी भी अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। हालात ये हैं कि इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा का दावा है कि सभी हड़ताली कर्मचारी काम पर जल्द वापस लौटेंगे।

इस बीच गुरूवार की सुबह हड़ताली कर्मियों ने मंत्री सुरेश शर्मा के घर के बाहर मृत पशु फेंक दिया और इसके साथ ही सीएम हाउस की तरफ जाने वाली सड़क के दोनों ओर, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के घर के बाहर कूड़ा फेंक दिया। अब इस मामले को लेकर दोनों तरफ से तनातनी तेज हो गई है। वहीं, सफाईकर्मियों के हड़ताल को लेकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मौर्यालोक की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। कहा जा रहा है कि हड़ताल के कारण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों को लाखों का नुकसान हुआ है। वहीं डीएम ने सफाईकर्मियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है और कहा है कि कानून व्यवस्था पर विघ्न डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें हड़ताली कर्मचारियों और नगर निगम प्रशासन के बीच चल रही जंग के बीच बुधवार को नगर निगम प्रशासन ने दबाव बनाते हुए हड़ताली कर्मचारियों की अगुआई कर रहे छह नेताओं के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।

You may have missed