January 26, 2026

BIHAR : नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार को, 22 नए मंत्रियों के शपथ लेने की खबर

पटना। बिहार की राजनीतिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है। वह भी ऐसी खबर जिस पर महीनों से सबों की नजरें टिकी हुई थी। कहा जा रहा है कि मंगलवार को सीएम नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है। कल 22 नए मंत्रियों के शपथ लेने की खबर सामने आ रही है।
मिल रही खबर के मुताबिक, लंबे समय से हो रही नीतीश मंत्रिमंडल के विस्तार का इंतजार मंगलवार को खत्म हो जाएगा। नीतीश मंत्रिमंडल में कौन मंत्री बनेंगे इसकी सूची भाजपा की ओर से सौंप दी गई है। 22 नए मंत्रियों के शपथ लेने की सूचना है। राजभवन में आयोजित समारोह में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
संभावित मंत्रियों के नाम की सूची
भाजपा की ओर से मंत्रिमंडल में कई नए चेहरे शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, नीतीश मिश्रा, सम्राट चौधरी, संजय सरावगी, संजीव चौरसिया और नीतिन नवीन के मंत्री बनने की सूचना है। जदयू कोटे से बसपा से आए जमा खां, निर्दलीय विधायक सुमित सिंह, पिछड़ा वर्ग से भागीरथी देवी के मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।
बता दें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार दोपहर में ही कहा था कि भाजपा से अभी उन्हें कोई सूची नहीं मिली है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर यह कहा था कि भाजपा से जब सूची आएगी तब मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा। मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य के कुछ ही घंटे के बाद बिहार की सियासत में मंत्रिमंडल विस्तार की खबर आ गई।
21 से अधिक नए सदस्यों के शामिल होने की गुंजाइश
विधानसभा के सदस्यों की संख्या 243 है। कुल सदस्य संख्या के 15 फीसद विधायक मंत्री बन सकते हैं। इस लिहाज से बिहार कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित 36 सदस्य शामिल हो सकते हैं। लिहाजा, कैबिनेट में 21 से अधिक नए सदस्यों के शामिल होने की गुंजाइश है। हालांकि अभी यह कहना मुश्किल है कि किस दल से कितने मंत्री बनाए जाएंगे। अहम यह है कि भाजपा ने इस बार ज्यादातर नए चेहरों को तरजीह दी है। महज एक पुराने मंत्री मंगल पांडेय की वापसी हुई है। वहीं, जदयू ने पुराने चेहरों पर अधिक भरोसा किया है। सिर्फ परिवहन मंत्री शीला मंडल नई हैं।

You may have missed