February 17, 2026

निर्भया के दोषियों को मिली फांसी पर महिलाओं ने मनाया जश्न, की मास्क की लांचिंग

पटना। दिल्ली के तिहाड़ जेल में आज 7 साल बाद निर्भया के दोषियों को आखिरकार फांसी की सजा दे दी गई। निर्भया के दोषियों को सजा मिलने के बाद महिला विकास मंच ने पटना में फूलों की बारिश और गुलाल के साथ खुशी का इजहार किया। इस मौके पर मंच की प्रदेश अध्यक्ष उषा सिन्हा, संरक्षक वीणा मानवी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुणिमा, महामंत्री ज्योति चंद्रवंशी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
मौके पर उषा सिन्हा ने अपने संबोधन में बिहार की तमाम महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि अपनी सुरक्षा का ध्यान हमें खुद भी रखना चाहिए और आगे कोई ऐसी घृणित घटना घटित ना हो, इसके लिए बेटियों की मां और बेटे को भी जागरूक करना होगा।
वहीं संरक्षक वीणा मानवी ने कहा कि मंच शुरू से निर्भया के दोषियों को फांसी देने की अपील करती रही है। उन्होंने कहा कि जिस सजा को 6 महीने के अंदर होना था, उसमें 7 साल वर्ष लग गए। यह नहीं होना चाहिए और न ही ऐसे मामलों में राजनीति होनी चाहिए। अगर न्यायालय द्वारा दोष साबित हो जाए तो उस पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए और ऐसे मामलों की सुनवाई फस्ट ट्रैक कोर्ट से होनी चाहिए। इस प्रकरण से सभी को सबक लेना चाहिए।
वहीं दूसरी ओर मंच की मुन्ना चक टीम द्वारा अध्यक्ष सरिता राज के नेतृत्व में कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क की लांचिंग की गई। इसकी कीमत मात्र 30 रूपए है, जो मंच के कार्यालय से लोग इसे प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा मंच ज्यादा से ज्यादा हॉस्टल विद्यार्थियों के लिए जगह-जगह जाकर चौक-चौराहे पर मंच द्वारा खड़े होकर इसे उपलब्ध कराया जाएगा।

You may have missed