दिल्ली के तर्ज पर भागलपुर में भी डीआरडीओ द्वारा अस्थायी कोविड-19 अस्पताल निर्माण करने की मांग

भागलपुर। भाजयुमो के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अर्जित शाश्वत चौबे ने गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे से भागलपुर में डीआरडीओ द्वारा अस्थायी कोविड-19 अस्पताल निर्माण कराने का आग्रह करते हुए उन्हें एक ज्ञापन प्रेषित की है। इस प्रेषित ज्ञापन में अर्जित ने कहा है कि भागलपुर में निरंतर कोविड मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिसके लिए समुचित व्यवस्था करने में काफी दिक्कत हो रहा है। चूंकि यहां पर चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की भारी कमी है, इसीलिये दिल्ली में जिस तरह रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के द्वारा 12 दिनों में कोविड चिकित्सा हेतु अस्थायी अस्पताल निर्मित कर इतिहास रचा है। इसी तर्ज पर बिहार में भी 2 स्थल पटना एवं मुजफ्फरपुर का चयन किया गया है, जहां 500 बेड का कोविड अस्पताल बनाया जाएगा। अर्जित ने बताया कि दक्षिण बिहार का भागलपुर उत्तर बिहार के 6 जिलों, दक्षिण बिहार के 5 जिलों एवं झारखंड के 5 जिलों से करीब है एवं यहां बिहार-झारखंड के लगभग 20 जिलों के लोग बेहतर इलाज कराने आते हैं।
अर्जित ने भागलपुर में भी 500 बेड का अस्थाई कोविड अस्पताल निर्माण कराने की मांग करते हुए गृह मंत्री एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री से की है एवं इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे से भी इस पर पहल करने का आग्रह किया है।
अर्जित चौबे ने बताया कि आज केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार में डीआरडीओ द्वारा बनाए जाने वाले दो अस्थायी कोविड अस्पताल की कार्य प्रगति से अवगत हुए। उन्होंने डीआरडीओ चेयरमैन डॉक्टर जी. सतीश रेड्डी से फोन पर बातचीत की और तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
