दलित नेता हत्याकांड : तेजस्वी बोले, सरकार के इशारे पर किया गया मुझे बदनाम

पटना। पूर्णिया के दलित नेता शक्ति मल्लिक हत्याकांड में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव के अलावा राजद के 6 नेताओं को पुलिस से क्लीन चिट मिलने पर गुरुवार को तेजस्वी यादव बिहार सरकार के खिलाफ आक्रामक मूड में दिखे। तेजस्वी ने कहा कि इस प्रकरण में जदयू-भाजपा ने मुझे बदनाम करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। सरकार के इशारे पर मुझे बदनाम करने की भरपूर कोशिश की गई। दोनों दलों के नेता सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे वरना भविष्य में मानहानि का मुकदमा करूंगा।
पूर्व सीएम राबड़ी देवी के सरकारी आवास दस सर्कुलर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए जान-बूझ कर प्लानिंग के तहत काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का जितना राजनीतिक करियर है, उतनी मेरी उम्र भी नहीं है। फिर भी अपने बेटे के उम्र जैसे होने के बावजूद मुझ पर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। जदूय और भाजपा के प्रवक्ता लगातार इस मसले पर मुझ पर अनर्गल आरोप लगाते रहे। पटना से लेकर दिल्ली तक एनडीए के नेता राग अलाप रहे थे। सरकार में बैठे लोगों के साथ ही जदयू और भाजपा के प्रवक्ताओं को चाहिए कि वे अविलंब माफी मांगे।