तीनों मृतकों के परिजनों को दिया गया चार-चार लाख रुपये का चेक, प्रेमी युगल की तलाश

सड़क हादसे में तीनों मृतकों के परिजनों को दिया गया आपदा के तहत चार-चार लाख रुपये का चेक

फतुहा। बीते गुरुवार की रात नयका रोड स्थित दनियावां-बिहटा-शरमेरा फोरलेन पर हुई सड़क हादसे में तीनों मृतक के परिजनों को आपदा के तहत चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। यह चेक फतुहा थाना परिसर में दनियावां के सीओ अनिल राज के द्वारा मृतक के आश्रितों को दिया गया। वहीं दनियावां बीडीओ संजय कुमार सिन्हा के द्वारा भी पारिवारिक लाभ के तहत तीनों आश्रितों को बीस-बीस हजार रुपये की सहयोग राशि दिए गए। सिगिरियावां पंचायत के मुखिया उमाकांत पासवान ने भी आश्रितों को आर्थिक सहायता के रुप मे तीन-तीन हजार रुपये की मदद की है। मौके पर शाहजहांपुर थाना के प्रभारी अमरेन्द्र कुमार व फतुहा थाना अध्यक्ष मनीष कुमार भी मौजूद थे। विदित हो कि बीते गुरुवार की रात नयका रोड स्थित दनियावां-बिहटा फोरलेन पर चकरजा गांव के तीन युवक सरबजीत कुमार, निवेश कुमार व विक्कू कुमार की मारुति व बाइक की भीषण टक्कर मे मौत हो गई थी।

कैमूर पुलिस प्रेमी युगल की तलाश में फतुहा पहुंची

फतुहा। शुक्रवार को कैमूर जिले की पुलिस एक प्रेमी युगल के तलाश में फतुहा पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से कई जगहों पर छापेमारी की गई लेकिन प्रेमी युगल की बरामदगी नहीं हो सकी। वहीं पुलिस ने प्रेमी युगल को सहयोग करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर चली गई। विदित हो कि कैमूर जिले की एक नाबालिग लड़की को भगाकर ले आने का आरोप स्थानीय गोरी पुनदाह गांव के एक युवक पर लगा है। वहीं कैमूर पुलिस की दूसरी टीम प्रेमी युगल की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।

You may have missed