November 18, 2025

झाझा-पटना-पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रेलखंड पर ट्रेनों की गति सीमा में होगी वृद्धि

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल द्वारा झाझा-पटना-पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रेलखंड पर ट्रेनों की गति सीमा में वृद्धि की जाएगी। आवश्यक इंजीनियरिंग, संरक्षा एवं अन्य कार्यों के पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों को 130 किमी प्रतिघंटा तक की गति से चलाया जा सकेगा। पिछले दिनों अपर महाप्रबंधक की अध्यक्षता में मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इस रेलखड पर ट्रेनों की गति सीमा बढ़ाने पर चर्चा हुई थी, जिसके आलोक में ये कार्य तीन चरणों में कार्य पूरे किए जाएंगे। झाझा-पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों की गति सीमा में वृद्धि करते हुए इस रेलखंड पर 30 अप्रैल तक अप एवं डाउन दोनों लाइनों पर 130 किमी की गति से ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ हो जाने की उम्मीद है। इस रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति सीमा बढ़ जाने से रेल क्षमता में वृद्धि तो होगी ही, साथ ही यात्रा में पहले से अपेक्षाकृत कम समय लगने से यात्रियों को भी काफी सुविधा होगी।
विदित हो कि पूर्व मध्य रेल द्वारा पिछले दिनों कई महत्वपूर्ण रेलखंडों पर ट्रेनों की गति सीमा में वृद्धि की जा चुकी है। इनमें दौरान मधेपुरा से मुरलीगंज तक गति सीमा 50 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 100 किमी, मुरलीगंज से बनमनखी तक 75 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा तथा बनमनखी से पूर्णिया कोर्ट तक ट्रेनों की गतिसीमा 60 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा की जा चुकी है। इसके अलावा धनबाद से ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड होते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (वाया गया) की ओर जाने वाली ट्रेनों की गतिसीमा में भी वृद्धि की गई है। इसी तरह सोनपुर मंडल के बरौनी-कटिहार रेलखंड के कुरसेला और काढ़ागोला रोड स्टेशनों के बीच डाउन लाईन पर ट्रेनों की अधिकतम गति को बढ़ाते हुए 70 किमी प्रतिघंटा से 100 किमी प्रतिघंटा किया जा रहा है। सोनपुर मंडल के मोहिउद्दीननगर-बछवारा के डाउन लाइन पर 75 किमी प्रतिघंटा से 90 किलोमीटर एवं रक्सौल-छोड़ादानो रेलखंड 50 किलोमीटर प्रतिघंटा से 80 किमी प्रतिघंटा तथा कुरसेला-काढ़ागोला रेलखंड पर 70 किमी से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की जा चुकी है।

You may have missed