February 22, 2026

जन-गण-मन यात्रा : जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार का हिरासत आदेश रद्द

बेतिया। जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को बिहार पुलिस ने गुरुवार को ‘जन-गण-मन यात्रा’ के दौरान हिरासत में ले लिया।  कन्हैया कुमार पश्चिम चंपारण के भितिहरवा से सत्याग्रह की शुरूआत करने पहुंचे थे। हालांकि, बाद में कन्हैया कुमार ने जिला प्रशासन द्वारा हिरासत आदेश रद्द किये जाने और सभा की अनुमति दिये जाने की जानकारी ट्वीट कर दी है। जानकारी के मुताबिक, जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व सीपीआई नेता कन्हैया कुमार को बिहार पुलिस ने ‘जन-गण-मन यात्रा’ के दौरान हिरासत में ले लिया। बाद में प्रशासन ने हिरासत आदेश को रद्द कर दिया। इसके साथ ही सीएए, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में एक महीने की ‘जन-मन-गण यात्रा’ अपने तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो गयी। आज बेतिया और मोतिहारी में जन-सभाओं का आयोजन किया गया। यह जानकारी कन्हैया कुमार ने ट्वीट कर दी।
जानकारी के मुताबिक, ‘जन-गण-मन यात्रा’ के लिए बेतिया में सभा करने की उन्हें प्रशासन से अनुमति नहीं मिली। इसके बाद बेतिया के भितिहरवा में कन्हैया कुमार की पुलिस ने घेराबंदी की। एसडीओ ने कन्हैया कुमार से भाषण देने से मना कर दिया। इसके बावजूद समर्थकों द्वारा हंगामा किये जाने पर अपने वाहन पर ही खड़े होकर कन्हैया कुमार लोगों को संबोधित करने लगे। इसके बाद पुलिस ने कन्हैया कुमार को हिरासत में ले लिया।
कन्हैया ने ट्वीट कर कहा है कि ‘आज बापू-धाम (चंपारण) में गांधीजी को नमन करके गरीब-विरोधी सीएए, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में एक महीने की जन-गण-मन यात्रा की शुरूआत होनी थी। समाज के सभी तबकों के लोग इस यात्रा में शामिल होने के लिए मौजूद हैं। लेकिन, प्रशासन ने कुछ देर पहले हम सबको हिरासत में ले लिया है।’ साथ ही एक अन्य ट्वीट में कहा है कि ‘इस यात्रा को शुरू होने से रोके जाने पर लोगों ने भितिहरवा गांधी आश्रम (चंपारण) के बाहर शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया है। ‘दम है कितना दमन में तेरे देख लिया है, देखेंगे जगह है कितनी जेल में तेरे देख लिया है देखेंगे’।’

You may have missed