जदयू में शामिल हुए राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष, कहा- राजद अब पद बेचकर व्यवसाय चलाने का काम कर रहा

पटना। जदयू कार्यालय में राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेन्द्र कुमार यादव ने अपने समर्थकों कन्हैया प्रसाद, मुकुल यादव, सुुरेन्द्र यादव, सुनील सिंह, इद्रीसी यादव, संजय मंडल यादव, रोहित ओझा, मो. तहसील, मो. आफताब, उदय यादव, मो. दौला एवं मो. सज्जाद के साथ जदयू की सदस्यता ग्रहण किया। सादे मिलन समारोह में जदयू के नेता व मंत्री नीरज कुमार एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह ने विजेन्द्र यादव को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि जदयू का दायरा बढ़ता जा रहा है। सवाल उनसे है जो सामाजिक न्याय के नाम पर राजनीती में संपत्ति सृजन करते थे, हम तो रोजगार सृजन करते हैं। हमने एक उदाहरण पेश किया है कि आपके समय सवा लाख शिक्षक थे। जरा बताईये समाज के वंचित समूह की कितनी हिस्सेदारी थी और जब बिहार में जदयू को मौका मिला तो छ: लाख चालीस हजार शिक्षक संवर्ग के लोग में 73 प्रतिशत यानि अनुमानित पांच लाख वंचित समूह के हैं, इससे बड़ा सामाजिक न्याय क्या होता है। जो आर्थिक न्याय की बात करते हैं। उनसे सवाल है कि सामाजिक न्याय तो दे नहीं पाये और आर्थिक न्याय की वकालत करते हैं। श्री कुमार ने कहा कि विजेन्द्र कुमार यादव का पार्टी में आना शाहाबाद राजद में ऐसी सेंधमारी है कि वे चारों खाने चित मिलेंगे। भोजपुर पहले 31 नरसंहारों के रूप में जाना जाता था। परन्तु मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आज भोजपुर सौहार्द व भाईचारा के रूप में जाना जाता है।
वहीं जदयू में शामिल हुए विजेन्द्र यादव ने कहा कि जिस उद्देश्य से राजद का गठन हुआ था, उस उद्देश्य से वह भटक चुका है। अब शोषितों, पीड़ितों के लिए नहीं तो संघर्ष करने और न ही उसके लिए राजद में कोई जगह बचा है। राजद अब पद बेचकर व्यवसाय चलाने का काम कर रहा है। उक्त मौके पर भोजपुर जिला जदयू के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, स.वि.स. प्रभुनाथ राम, स.वि.प. राधाचरण साह, पूर्व मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, कैमूर जिला जदयू के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, कामेश्वर कुशवाहा तथा पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. नवीन कुमार आर्य, कामाख्या नारायण सिंह सहित दर्जनों नेता उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed