गोपालगंज : थाना परिसर में ही महिला कांस्टेबल से दारोगा ने की छेड़खानी, जेल
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज से ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसे जानकर पुलिस महकमा शर्मसार हो जाएगा। थाना परिसर में ही एक दारोगा ने महिला कांस्टेबल के साथ छेड़खानी कर महिलाओं के सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। हालांकि एसपी ने तत्काल कदम उठाते हुए महम्मदपुर थाने में पदस्थापित उक्त सब इंस्पेक्टर राम अवधेश सिंह पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की सुबह आरोपित दारोगा थाना परिसर में ही महिला जवान के साथ छेड़खानी कर रहा था। इसी बीच महिला जवान ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर थाने के अन्य पुलिसकर्मी व ग्रामीण थाना परिसर में जुट गये। थाने में पदस्थापित अन्य पुलिस बल भी वहां पहुंच गये। पुलिस बल महिला जवान के साथ छेड़खानी कर रहे दारोगा से महिला जवान को बचाया और दारोगा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटना की जानकारी तत्काल वरीय अधिकारी को दी गयी।
एसपी मनोज कुमार तिवारी के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर का सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया। इसके बाद महम्मदपुर थाने की पीड़ित महिला जवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे चनावे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने दारोगा को जेल भेजने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। टीम का गठन कर पूरे मामले की जांच करायी जा रही है। दोषी पाये जाने पर उचित कार्रवाई की जायेगी।


