September 18, 2025

गिरिराज का तेजस्वी पर निशाना, कहा- राजद के लोगों को विकास की बात कहने का हक नहीं, राहुल गांधी पर भी कसा तंज

पटना। बिहार के विकास को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव नीतीश सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। उनके बयानों को लेकर भाजपा के फायर ब्रांड नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजद के लोगों को विकास की बात कहने का भी हक नहीं है। राजद कार्यकाल में कहीं विकास तो दिखा ही नहीं। यहां तक की पार्टी के एजेंडे में ही विकास नहीं था। तेजस्वी यादव के पिता लालू प्रसाद के शासन में कभी एक मेगावाट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ, जबकि नीतीश सरकार में लोगों को हर दिन 24 घंटे बिजली मिल रही है। एनडीए सरकार में हो रहे इस विकास को तेजस्वी यादव देख नहीं पा रहे हैं। यही वजह है कि वे इस विकास को गर्त बता रहे हैं।
एनडीए सरकार ने 4 लाख शिक्षकों की बहाली की
रविवार को बेगूसराय के तेघड़ा में एक गोशाला में पहुंचे भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने बताया कि प्रदेश में फोरलेन सड़कें बन रही है। गंगा नदी पर 17 पुलों का निर्माण हुआ है। लोगों को यहां 24 घंटे बिजली मिल रही है। एनडीए की सरकार ने ही 4 लाख शिक्षकों की बहाली की। राज्य के किसी कोने से महज 5 घंटे में ही लोग राजधानी पटना पहुंच जाते हैं। इसके लिए अच्छी सड़कें बनाई गई है। साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया गया है।
लगे हाथ राहुल गांधी पर भी तंज
लगे हाथ गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता किसानों के मुद्दे पर संसद के अंदर कानून के क्लाउज पर भी एक भी शब्द नहीं बोलते हैं। वे तो किसानों के दुश्मन हैं। सदन के अंदर नौटंकी करते हैं और बाहर में किसानों को बहकाते हैं।

You may have missed