गायब हुआ सरिया लदा ट्रक खाली अवस्था में मेघालय से बरामद, ट्रक चालक समेत दो गिरफ्तार

फतुहा। बीते 27 दिसंबर को फतुहा से गायब हुआ सरिया लदा ट्रक को खाली अवस्था में पुलिस ने पूर्वोत्तर राज्य मेघालय से बरामद किया है। पुलिस ट्रक को फतुहा लेकर वापस चली आई है। पुलिस ने ट्रक चालक राघोपुर दियारा क्षेत्र निवासी बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया है। ट्रक चालक के निशानदेही पर पुलिस ने बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर से सभी सरिया को भी जब्त कर लिया है तथा एक रिसीवर राघोपुर के ही रामानंद यादव को गिरफ्तार किया है। ट्रक पर कुल 21 टन सरिया लदा था, जिसे ट्रक चालक ने अपने गंतव्य स्थान पर जाने के पहले ही बख्तियारपुर के सुन्दर नगर में सभी सरिया को बेच दिया था तथा दूसरे सामान को लोडकर मेघालय चला गया। पुलिस ने यह कार्रवाई ट्रक चालक के मोबाइल फोन के लोकेशन के आधार पर किया है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार ट्रक चालक ट्रक को किसी तरह भूटान ले जाने की फिराक में था, तभी वहां की पुलिस के सहयोग से ट्रक समेत चालक को दबोच लिया गया। विदित हो कि बीते 27 दिसंबर को औद्योगिक क्षेत्र स्थित शिव शिवा स्टील प्राइवेट लिमिटेड सरिया फैक्ट्री से 21 टन सरिया लोडकर अररिया जिले के लक्ष्मी नगर के लिए चला था। लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी वह अपने गंतव्य स्थान पर नही पहुंचा था। इस संदर्भ में फैक्ट्री के प्रबंधक कुमार अभिषेक ने थाने में ट्रांसपोर्टर के खिलाफ गबन का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करायी थी।

You may have missed