December 7, 2025

गया में भाजपा नेता को गोलियों से भूना, इलाके में दहशत

गया। बिहार के गया जिला में शुक्रवार को बड़ी वारदात हुई। गया जिला में वजीरगंज थाना क्षेत्र में मंझौली गांव के पास दिनदहाड़े भाजपा नेता को अज्ञात अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। गोली लगते ही मौके पर भाजपा नेता ने दम तोड़ दिया। वारदात के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता रंजीत सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार को भी अपने घर सकरदास नवादा से बाइक पर गया जा रहे थे। रास्ते में एक बाइक पर दो अपराधी घात लगाकर बैठे थे। अपराधियों ने उन्हें रोका। किसी बात को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। एक ने पिस्टल निकालकर उनकी बांह में गोली मार दी। वे बाइक छोड़कर खेत की ओर भागने लगे। तभी दूसरे ने सीने में गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी अपनी बाइक से भागने में सफल रहे। घटना के कारण इलाके में आक्रोश व दहशत का माहौल है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं।
बता दें भाजपा नेता रंजीत सिंह अपने क्षेत्र गया के वजीरगंज में विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह के प्रतिनिधि रहे थे। वे वजीरगंज थाना क्षेत्र के सरकरदास नवादा के निवासी और पेशे से अधिवक्ता थे। हत्या का कारण पिछले साल पैक्स चुनाव के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा। वे पैक्स का चुनाव भी लड़े थे, लेकिन हार गए थे। माना जा रहा है कि इसी रंजिश में उनकी हत्या की गई है।
इधर, इस वारदात को लेकर एसएसपी राजीव मिश्र ने कहा कि वारदात के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। अपराधियों का सुराग लगाया जा रहा है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed