PATNA : गंगा में डूबे युवक का शव बाढ़ से बरामद, लोगों ने किया एसएच जाम
फतुहा। बीते मंगलवार को मकसुदपुर में नहाने के क्रम में गंगा में डूबे 12 वर्षीय किशोर प्रिंस का शव एसडीआरएफ की टीम ने बृहस्पतिवार को बाढ़ के पास मलाही से बरामद कर लिया। जब शव को रात में लाया गया तो पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रात में ही पटना भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव आते ही परिजन व ग्रामीण मकसुदपुर के पास स्टेट हाईवे को घंटों जाम कर दिया तथा बीडीओ व सीओ को बुलाने की मांग करने लगे। करीब दो घंटे स्टेट हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की अपील की। लेकिन आक्रोशित लोग नहीं माने। इसके बाद सीओ अनीता भारती के द्वारा फोन पर मुआवजा सरकार से दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया। आश्वासन मिलते ही लोगों ने सड़क जाम को हटा लिया तथा किशोर के शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।


