February 17, 2026

खेतों की आड़ में चल रहा था शराब निर्माण का कारोबार, दर्जनों शराब भट्ठियां ध्वस्त

फुलवारी शरीफ। शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीचक थाना पुलिस ने सोमवार को चक रहीमा और चक नियामत के खंधा में छापेमारी कर दर्जनों देशी शराब निर्माण के अड्डों को ध्वस्त कर दिया। इलाके में खेतों में खड़ी फसलों की आड़ में शराब निर्माण का कारोबार देख पुलिस टीम भी चौंक गयी। इस दौरान पुलिस टीम ने भरी मात्रा में ड्रमों में भरे शराब और अर्धनिर्मित शराब को चूल्हों पर से उतार व बहाकर नष्ट कर दिया। पुलिस ने यहां से भारी मात्रा में शराब निर्माण सामग्री को बरामद किया है, जिसे नष्ट कर दिया गया है। पुलिस टीम को खंधा में आते देख शराब कारोबारी फरार होने में सफल हो गये। थानेदार नागमणि ने बताया कि शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर शराब के अड्डों को ध्वस्त किया जा रहा है। चक रहीमा और चक नियामत के खंधा में शराब निर्माण के सूचना पर छापेमारी कर भारी मात्रा में भट्ठियों को नेस्तनाबुद्ध करते हुए शराब को बहाया गया है। पुलिस उन लोगों की पहचान कर गिरफ्तार करेगी जो लोग अवैध शराब निर्माण के अड्डे संचालित कर रहे हैं। उन्होंने शराब कारोबारियों को चेताया है कि किसी भी हाल में उन्हें बक्शा नहीं जायेगा।

गौरीचक पावरग्रिड पर पथराव, दो शराबी गिरफ्तार
फुलवारी शरीफ। पटना के गौरीचक पावरग्रिड पर सोमवार की शाम अचानक ईंट-रोड़े के पथराव से अफरा तफरी मच गयी। जब लोगों ने रोड़ेबाजी करने वालों को खदेड़ा तो दो शराबी पकड़े गये। शराब के नशे में धुत्त दोनों शराबियो को पावरग्रिड में काम करने वाले कर्मियों ने पकड़ा और पुलिस के हवाले आकर दिया। बताया जाता है कि जुझारपुर के संतोष कुमार और उत्तम कुमार का पावरग्रिड में काम करने वाले कुछ लोगों से विवाद हो गया था, जो शराब के नशे में आकर रोड़ेबाजी करने लगे। गौरीचक थानेदार नागमणि ने बताया कि शराब के नशे में रोड़ेबाजी करने वाले दो लोगों गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है लेकिन दोनों शराब के नशे में धुत्त हैं। दोनों का मेडिकल टेस्ट कराया गया है, जिसमे शराब पीने की पुष्टि हुई है। दोनों का किन से विवाद हुआ था और क्या विवाद है, पता लगाया जा रहा है। पावरग्रिड वाले लोगों को थाना पर बुलाया गया है, जिनसे विवाद हुआ था। जो मामला दर्ज कराया जाएगा, उसपर कार्रवाई करते हुए शराब पीने के जुर्म मे दोनों गिरफ्तार लोगों को जेल भेजा जायेगा।

You may have missed