खूनी रफ्तार से जा रहे लोडेड ट्रक ने पटना बाईपास में दर्जनों को कुचला, दो की मौत की खबर
फुलवारी शरीफ। गुरुवार की दोपहर बाद पटना के बाईपास में एक बेलगाम रफ्तार लोडेड ट्रक ने बेउर के 70 फीट रोड से लेकर दशरथा मोड़, रामकृष्णा मोड़, जगनपुरा तक कई वाहनों को रौंदते हुए दर्जनों लोगों को घायल कर दिया, जिसमें दो लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं इस हादसे में जख्मी कई अन्य की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। कुल 13 लोगों को धक्का लगने की खबर है, जिसमें नौ लोगों की हालत अत्यंत ही चिंताजनक बताई जा रही है। इनमें 6 लोगों का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। जबकि बाकि के लोग अलग-अलग प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराए गए हैं। कई जगहों पर हादसे को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक चालक अनियंत्रित होकर जगनपुरा के पास बाईपास में बने अंडरपास के रेलिंग पर ट्रक चढा दिया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।


बताया जा रहा है कि ट्रक चालक नशे में था, जो बेउर मोड़ के पास से ट्रक की गति इतनी बढ़ा दिया कि सबसे पहले उसने 70 फीट रोड के पास एक एम्बुलेंस को धक्का मार दिया। यहां एम्बुलेंस में कई लोग एक मरीज के साथ जा रहे थे। एम्बुलेंस में मरीज और उसमेें सवार चालक सहित अन्य सभी लोगों को जख्मी हो गए। इसके बाद ट्रक चालक ने अपनी गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दिया और थोड़ी ही दूरी पर एक स्कॉर्पियो में धक्का मार दिया। आगे बढ़ते ही फल वाले को धक्का मारा। इसके बाद ट्रक ने सिपारा ओवरब्रिज के पहले दशरथा मोड़ के पास एक ई-रिक्शा को रौंद डाला। ई-रिक्शा पर सात मजदूर सवार थे, जिसमें छह लोग बुरी तरह से जख्मी हो गये। इसके बाद भी ट्रक चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और जान बचाने के लिए बेलगाम रफ्तार से ट्रक लेकर भागने के क्रम में चांगड़ मोड़ के पास एक साइकिल सवार को कुचल दिया, जिसमें उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका और भागने के क्रम में ही जगनपुरा मोड़ के पास एक स्कूटी सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी भी मौत मौके पर ही हो गयी। दर्जनों लोगों को कुचलने के बाद भाग रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पटना सुदर्शन स्कूल के सामने बाईपास के अंडर पास की रेलिंग पर चढ़ गया। जिससे ट्रक के आगे से परखच्चे उड़ गए। जिससे ट्रक के तेल टंकी समेत कई कल-पुर्जे रोड पर बिखर गया। ट्रक का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल है। ट्रक चालक को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ चल रही है। हाइवे पर हुए इस बड़े हादसे के पीछे ट्रक ड्राइवर की लापरवाही सामने आ रही है, हालांकि सिटी एसपी ईस्ट ने हादसे की वजह जानने के लिए एमवीआई से इसकी जांच कराने की बात कही है। ट्रक ड्राइवर के शराब पीने की भी बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी असलियत टेस्ट कराने के बाद ही सामने आएगी। वहीं इस हादसे से बाईपास में बेउर से लेकर जगनपुरा तक सैंकड़ों लोगों की भीड़ हो हंगामा करने लगी और मृतकों व घायलों को देख लोगों का रूआं सिहर गया। सिटी एसपी ईस्ट के अनुसार झारखंड नंबर की ट्रक में सामान लोड है। 70 फीट इलाके की तरफ से ट्रक पहाड़ी की ओर जा रही थी।

बता दें लॉकडाउन में अनिसाबाद बेउर मोड़ से लेकर जगनपुरा तक दर्जनों पुलिस और ट्रैफिक जवानों की टीम बैरिकेटिंग करके खड़ी रहती है, ऐसे में एक लोडेड ट्रक बेलगाम रफ्तार से बाईपास पर दर्जनों लोगों को कैसे कुचल देती है, यह जांच का विषय है। समाचार लिखे जाने तक बाईपास में अफरा तफरी के माहौल में घायलों और मृतकों का नाम नहीं चल पाया है।
3 किलोमीटर में 7 जगह लोगो को रौंदा
नशे में धुत ड्राइवर ने पहले बेउर मोड़ से पश्चिम एक एक एम्बुलेंस और फिर एक स्कॉर्पियो में ठोकर मारी, वहां से आगे बढ़ने के बाद उक्त ट्रक ने 70 फिट इंडियन आयल के पास एक ई-रिक्शा में ठोकर मार दी, वहां से भी आगे बढ़ने के बाद उक्त ट्रक ने सिपारा पुल पर कुछ लोगों को झटका मारा लेकिन वह बाल-बाल बच गए। वहां से ट्रक भागते हुए चांगड़ के पास एक स्कूटी सवार को ठोकर मार दी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर 2 लोग सवार थे जिसमें एक की मौत की खबर है। स्कूटी सवार को ठोकर मारते हुए ट्रक चांगर मोड़ से थोड़ा सा आगे एक पैदल जा रहे व्यक्ति को भी कुचल डाला। वहां से आगे बढ़ने के बाद जगनपुरा मोड़ के पास एक साइकिल सवार जो राशन लेकर के लौट रहे थे, उसे भी कुचल डाला। जिससे साइकिल सवार की मौत हो गयी है। उसके बाद उक्त ट्रक ने पटना सेंट्रल स्कूल के पास एक बाइक पर 2 लोग सवार उसे भी ठोकर मार दी, जो गंभीर रूप से घायल है। फिलहाल किसी भी मृतक का नाम सामने नहीं आया है और उक्त घायल में दो लोगों की पहचान हो चुकी है। उक्त दो घायल इंडियन आयल में कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जिनका नाम मंटू और संटू है।

