खबर चलने के बाद प्रशासन ने खोज निकाला एम्बुलेंस चालक को, वैशाली के कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया था
फतुहा (भूषण प्रसाद)। वैशाली के राघोपुर के जिस कोरोना पॉजिटिव मरीज को एम्बुलेंस से पटना के एक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसके गांव भेजा गया था, उस एम्बुलेंस चालक की पहचान कर प्रशासन की टीम ने उसे क्वारेंटाइन के लिए पटना सिटी भेज दिया है। इसके पहले प्रशासन ने पॉजिटिव मरीज की बैक हिस्ट्री जानने के बाद एम्बुलेंस चालक पंकज कुमार की पहचान कच्ची दरगाह में किया। बता दें गुरूवार को सबसे पहले अमृतवर्षा न्यूज डॉट इन ने ‘एक कोरोना पॉजिटिव ने तीन जगहों को कराया सील’ खबर प्रकाशित किया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आयी और उस चालक को क्वारेंटाइन कराने में सफल रही।
बताया जाता है कि एम्बुलेंस चालक कच्ची दरगाह में गंगाधर नामक निजी अस्पताल का एम्बुलेंस चलाता था। जब पॉजिटिव मरीज को बीते सात अप्रैल को पटना के पॉपुलर नर्सिंग होम से छुट्टी मिली तो इसी चालक ने इस नर्सिंग होम से उसके गांव राघोपुर पूर्वी पहुंचाया था। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद चालक पंकज कुमार को क्वारेंटाइन के लिए पटना सिटी के माता गुजरी धर्मशाला में भेज दिया गया। प्रशासन टीम में बीडीओ मृत्युंजय कुमार, नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार व जिला प्रशासन की टीम मौजूद थी।


