खबरें फतुहा की : महिला को पीटकर किया जख्मी, 4 कोरोना पॉजिटिव, हाईस्कूल में बना चुनाव नियंत्रण कक्ष
आपसी विवाद में महिला को पीटकर किया जख्मी
फतुहा। शुक्रवार की सुबह नरैना गांव में आपसी विवाद को लेकर ससुराली परिजनों ने मारपीट कर महिला को गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। जख्मी हालत में महिला थाने पहुंची तथा अपने परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी। पुलिस द्वारा महिला का इलाज पीएचसी में कराया गया। बताया जाता है कि पीड़ित महिला पूनम देवी जब अपने घर में सोयी हुई थी, तभी उसके ससुराली परिजन घर में घुस आए। महिला ने जब शोर मचायी तो लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित महिला की माने तो उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है। महिला की शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

हाईस्कूल को बनाया गया चुनाव नियंत्रण कक्ष
फतुहा। स्थानीय हाईस्कूल में प्रखंड क्षेत्र के लिए चुनाव नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसी नियंत्रण कक्ष में मतदान कर्मी अपना योगदान देंगे तथा इसी नियंत्रण कक्ष से मतदान कर्मी चुनाव सामग्री व ईवीएम मशीन मतदान केंद्र तक पुलिस अभिरक्षा में ले जाएंगे। इस बात की जानकारी देते हुए प्रखंड निर्वाचन अधिकारी सह बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने बताया कि इसके लिए हाईस्कूल में सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि रिजर्व मतदान कर्मियों के रहने की भी व्यवस्था हाईस्कूल में ही की गयी है। उनके अनुसार, यह नियंत्रण कक्ष सोमवार की सुबह से ही काम करना शुरू कर देगा, जो चुनाव संपन्न होने तक जारी रहेगा। विदित हो कि आगामी मंगलवार को फतुहा विधानसभा के लिए सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक मतदान होना है।
341 में 4 कोरोना पॉजिटिव
फतुहा। चुनावी मौसम में भी फतुहा पीएचसी के द्वारा लगातार कोरोना की जांच की जा रही है। शुक्रवार को भी पीएचसी क्षेत्र के कुल 341 लोगों की जांच की गई। जांच उपरांत कुल चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधा शंकर राय ने बताया कि सभी संक्रमित लोगों को होम कोरंटाइन में भेज दिया गया है। साथ ही उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध कराते हुए एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। चिकित्सा प्रभारी के अनुसार लगातार जांच अभियान चलता रहेगा ताकि संक्रमित लोगों को आइसोलेट किया जा सके।

