खबरें फतुहा की : घर से भागी युवती बदमाशों के चंगुल में फंसी, स्कूल में लगायी आग, भाजपा नगर मंडल कमिटी गठित
घर से भागी युवती बदमाशों के चंगुल में फंसी, पुलिस ने बचाया
फतुहा। बीती रात्रि फतुहा-दनियावां राजमार्ग के कोल्हर पुल के पास पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर एक 20 वर्षीय युवती को बरामद किया है। युवती नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने शादी टूटने से नाराज होकर घर से बीते रविवार की शाम को भाग गयी थी तथा फतुहा छोटी लाइन बाजार पहुंच गयी। अकेली युवती देख कुछ बदमाश उसके पीछे पड़ गये तथा उसे घर पहुंचाने का झांसा देकर टेम्पो पर बैठा लिया। बदमाश लोग उसे मछरियावां की ओर ले जाने लगे। लेकिन जैसे ही बदमाशों ने टेम्पो को सुनसान जगह पर ले जाने लगा तो युवती रोने लगी। इसी बीच मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे कुछ ग्रामीणों की नजर टेम्पो में बैठे युवती पर पड़ी तो ग्रामीणो ने बदमाशो का पीछा किया। यह देखकर बदमाशो ने उस युवती को कोल्हर पुल के पास टेम्पो से उतार दिया तथा टेम्पो लेकर फरार हो गए। ग्रामीणो की सूचना पर पुलिस ने उसे बरामद कर थाने ले आई। सोमवार की सुबह आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर सौंप दिया। इस बात की जानकारी बीते रात्रि गश्ती कर कर रहे एस आई बैधनाथ सिंह ने दी है।

असमाजिक तत्वों ने स्कूल में लगायी आग, कई महत्वपूर्ण कागजात जले
फतुहा। बीते रविवार की रात्रि भिखुआ गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में असमाजिक तत्व के लोगो ने आग लगा दी। इस घटना में स्कूल के कमरे में रखे बेंच टेबुल के साथ साथ एक बक्से में रखे स्कूल के कई रजिस्टर व अन्य महत्वपूर्ण कागजात जल गये। स्कूल प्रभारी राजू कुमार को इस बात की जानकारी तब हुई जब वह सुबह की शिफ्ट को चलाने के लिए स्कूल पहुंचे। उन्होंने इस सन्दर्भ मे अज्ञात असमाजिक तत्व के लोगों के विरुद्ध थाने मे शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
भाजपा नगर मंडल में कमिटी का हुआ गठन
फतुहा। सोमवार को भाजपा नगर मंडल में जिला अध्यक्ष डॉ. सियाराम सिंह की उपस्थिति में कमिटी का गठन किया गया। नगर मंडल अध्यक्ष शोभा देवी के अलावे अरुण झा व श्याम किशोर को महामंत्री तथा अनिल शर्मा व सुनील वर्मा समेत छह कार्यकर्ता को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। सात लोगों को मंत्री पद के रुप में मनोनीत किया गया है। इसके अलावे अनामिका अग्रवाल को महिला मोर्चा, मोहम्मद शरीफ को अल्पसंख्यक मोर्चा, विकास गुप्ता को अति पिछड़ा विकास मंच तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के सुनील रविदास को अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया है। जिला अध्यक्ष डॉ. सियाराम सिंह ने गठित टीम से संगठन की मजबूती पर कार्य करने की अपील की है।
फरार चल रहा युवक को पुलिस ने दबोचा
फतुहा। बीती रात्रि पुलिस ने चोरी के आरोप में फरार चल रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक की गिरफ्तारी उसके घर के पास से ही की है। आरोपी बरुणा गांव निवासी नीतिश कुमार है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक लम्बे अर्से से फरार चल रहा था।
35 वर्षीय युवक लापता
फतुहा। पिछले चार दिन से थाना क्षेत्र के लसगरी चक गांव से एक पैंतीस वर्षीय युवक के लापता हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में लापता युवक के चचेरे भाई संजय कुमार ने थाने में अनहोनी की आशंका जताते हुए गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है। लापता युवक आकाश नाथ उर्फ अनुज कुमार है। बताया जाता है कि वह घर से बीते 31 जनवरी को डेढ़ बजे के आसपास घर से निकला था, जो अब तक लौट कर नहीं आया है।

