कोरोना पर राजनीति : बिहार भाजपा ने सीएम केजरीवाल को ये क्या कह डाला

पटना। कोरोना के बढ़ते प्रभाव और प्रवासी मजदूरों के पलायन को लेकर इस पर सियासत शुरू हो गई है। दिल्ली में फंसे बिहार के लोगों को वहां से भगाने का आरोप लगाते हुए भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए अरविंद केजरीवाल को राक्षसी प्रवृत्ति का व्यक्ति तक कह डाला है।
बिहार भाजपा अध्यक्ष ने लिखा है कि शनिवार रात यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानवता के आधार पर जो लोग रास्ते में फंसे हुए थे, उनको घर पहुंचाने का प्रयास किया। वे वैसे भी शहर छोड़ कर निकल ही गए थे। श्री जायसवाल ने कहा कि इसके बाद दिल्ली में एक साजिश के तहत यह बताया गया कि आनंद विहार से 1000 बसें उत्तर प्रदेश के लिए चलेंगी। आप के कार्यकर्ताओं ने भी झुग्गी-झोपड़ी वासियों को यह समझाया कि आनंद विहार और गाजीपुर से वे घर जा सकते हैं।
इसे लॉकडाउन को फेल करने की साजिश करार देते हुए श्री जायसवाल ने कहा कि खाना खिलाने की जिम्मेदारी से बचने के लिए केजरीवाल ने इतनी नीच हरकत की है। उन्होंने कहा कि देश के 133 करोड़ से अधिक लोग पीएम मोदी के कहने और इस उम्मीद से कि 21 दिनों बाद सब सही हो जाएगा हर कुर्बानी दे रहे हैं, पर केजरीवाल और उनकी पार्टी के भड़काने से दिल्ली से लगभग एक लाख लोग विभिन्न जगहों पर जाने के लिए बेताब हो गए हैं। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली में संक्रमण जहां भी फैला हो, इन लोगों द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार के गांव-गांव तक पहुंच जाएगा। संजय जायसवाल ने कहा कि तब केजरीवाल और प्रियंका गांधी जैसे घटिया लोग यह बोलेंगे कि मोदी के लॉकडाउन से क्या फायदा हुआ, आखिर बीमारी तो सब जगह फैल ही गई। उन्होंने कहा कि कोरोना बीमारी से देश के बचाव की इतनी बढ़िया योजना का पूरा कचरा करके बीमारी फैलाने का काम करने के लिए अरविंद केजरीवाल और प्रियंका गांधी जैसे तत्वों को ईश्वर कभी माफ नहीं करेगा। आज विश्व में करोना वायरस से मृत्यु की दर पांच फीसद चल रही है। अगर यह भारत में फैल गया तो न जंगल में लकड़ियां बचेंगी और न किसी के लिए दो गज जमीन।
