February 12, 2026

कोरोना का कहर : भागलपुर डीएम के बाद अब प्रमंडलीय आयुक्त कोरोना पॉजिटिव, हड़कंप

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिला प्रशासन के कई बड़े पदाधिकारी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। जहां जिला पदाधिकारी प्रणव कुमार का इलाज भागलपुर से बाहर चल रहा है तो वहीं अन्य अधिकारी व कर्मचारियों का इलाज भी विभिन्न जगहों पर किया जा रहा है। कई पुलिस अधिकारी और कई पुलिसकर्मी भी इस कोरोना महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। एक तरफ जहां जिला प्रशासन के कर्मचारियों का संक्रमित होने का सिलसिला अभी थमा नहीं है, वही दूसरी तरफ प्रखंड स्तर के भी ज्यादातर अधिकारी और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। साथ ही कोरोना वायरस का प्रभाव अब जेलों में भी देखा जा रहा है। जिले में अब तक 14 सौ से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव के शिकार हुए हैं, जिनमें 17 लोगों की जानें भी जा चुकी है। कई जिला पार्षद भी इससे संक्रमित हैं। भागलपुर ब्लॉक में भी कोरोना का संक्रमण फैल गया है। स्थिति यह हो गई है कि अब इसका चेन दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है।
इसी कड़ी में भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त वंदना किनी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं हैं। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में गुरुवार को उनका जांच हुआ था। इसके बाद प्रमंडलीय आयुक्त का शुक्रवार को अस्पताल परिसर में सिटी स्कैन और एक्स-रे किया गया। ब्लड की जांच हुई। रिपोर्ट नॉर्मल है। प्रमंडलीय आयुक्त को इसके बाद अस्पताल से उनके आवास भेज दिया गया है। वे प्रमंडलीय आयुक्त आवास में आइसोलेट हैं। आवास पर कुछ चिकित्सक उनकी निगरानी कर रहे हैं। पांच जुलाई को भी वंदना किनी की कोरोना जांच हुई थी। उस समय उनका रिपोर्ट निगेटिव था, लेकिन दोबारा जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। इसके पूर्व प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के नाजिर कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। वहां के दो और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव होने बात कही जा रही है।
इससे पहले, डीएम प्रणव कुमार और उनकी पत्नी एवं बच्चे कोराना पॉजिटिव पाए गए थे। पत्नी और बच्चे डीएम कोठी में आइसोलेट हैं। जबकि चिकित्सकों ने डीएम को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर से बाहर भेज दिया है। एडीएम राजेश झा राजा व डीडीसी सुनील कुमार भी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अपने-अपने आवास पर आइसोलेट हैं। डीएम कार्यालय, डीआरडीए, जिला परिषद, डीसीएलआर आदि कार्यालय एक दर्जन कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। आधा दर्जन अधिकारियों ने जांच के लिए सैंपल दिया है। कुछ अधिकारियों का रिपोर्ट अभी आना बाकी है। अभी डीएम के प्रभार में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह हैं। भागलपुर के एसडीओ भी कोरोना से संक्रमित हैं। एक साथ कई अधिकारियों और कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रमंडलीय कार्यालय व समाहरणालय परिसर में कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है। डर से कई कार्यालय को बंद कर दिया गया है।

You may have missed