PATNA : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया
पटना। राजीव नगर स्थित बिहार सेक्टर मुख्यालय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस जीवीएच गिरी प्रसाद, पुलिस महानिरीक्षक, बिहार सेक्टर ने कैंप परिसर में हॉट स्प्रिंग लद्दाख (जम्मू कश्मीर) में शहीद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की स्मृति में सम्मान एवं श्रद्धांजलि दी तथा उनके बलिदानों को सभी के साथ साझा किया।
विदित है कि आज ही के दिन 21 अक्टूबर 1959 को द्वितीय बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों की एक छोटी टुकड़ी लद्दाख के भारत तिब्बत सीमा में स्थित हॉटस्प्रिंग में तैनात थी, जिसने अत्यंत विपरीत और विकट परिस्थितियों में हॉटस्प्रिंग में विशाल चीनी सेना के आक्रमण का बहादुरी से सामना किया और अंतिम गोली रहने तक चीनी सेना को सामरिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण उस चौकी में घुसने नहीं दिया। चीनी सैनिक उस चौकी पर तभी कब्जा कर पाए जब सभी वीर सैनिक चीनी हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हो गए।
इन्हीं शहीदों की याद में प्रत्येक वर्ष भारत के सभी अर्धसैनिक बल और राज्यों की पुलिस द्वारा 21 अक्टूबर के दिन को पुलिस स्मरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन संपूर्ण देश में पुलिस बल के कर्तव्य की विधि पर प्राण निछावर करने वाले सभी अर्धसैनिक बल तथा राज्यों के पुलिस कार्मिकों को याद करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। इसलिए अब पिछले वर्ष 1 सितंबर से 31 अगस्त 2020 तक शहीद हुए सभी अर्धसैनिक बल तथा राज्यों के पुलिस कार्मिकों के नाम पढ़कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया जाता है।
इस अवसर पर सैयद मोहम्मद हसनैन, पुलिस उपमहानिरीक्षक, ओंकार सिंह चांडक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुन्ना कुमार सिंह, कमांडेंट, सतीश कुमार लिंडा, कमांडेंट समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बल के कार्मिक उपस्थित थे।


