बिहार चुनाव : उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा और राजद के बीच सांठगांठ का लगाया आरोप

पटना। बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार का भोंपू थम गया है। नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच रालोसपा अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा और राजद के बीच सांठगांठ का आरोप लगाया है। रविवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कुशवाहा ने कहा कि अपनी हार देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को कैसे पता कि 9 नवंबर को लालू प्रसाद रिहा होने वाले हैं। कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को भी इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। कुशवाहा ने कहा कि 10 नवंबर के बाद भाजपा बिहार में राजद के साथ सरकार बना सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हार से डरे सत्तापक्ष द्वारा रालोसपा के धमदाहा के उम्मीदवार पर जानलेवा हमला कराया गया। कुशवाहा ने मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग से सभी प्रत्याशियों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हमारी सभाओं में भी कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। कुशवाहा ने कहा कि हम सत्ता में आए तो चार डिप्टी सीएम होंगे। यह दलित, अति पिछड़ा, अकलियत और अगड़ी जाति से होंगे, जिसमें एक महिला भी शामिल होगी।

About Post Author

You may have missed