December 8, 2025

किसानों की लड़ाई लड़ने के लिए कस लें कमर : जगदानंद; पूर्व केन्द्रीय मंत्री का भतीजा राजद में शामिल

पटना। राजद कार्यालय में किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों तथा जिला के प्रधान महासचिवों की बैठक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान पूर्व केन्द्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह के भतीजा नीतेश्वर सिंह भाजपा छोड़कर राजद की नीतियों, सिद्धांतों एवं लालू प्रसाद के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए राजद की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की लड़ाई बड़ी लड़ाई है। गांव-गवई और खेत-खलिहानों में जाकर किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं के लिए किसान प्रकोष्ठ के सभी कार्यकर्ताओं से अपील किया कि आगे की लड़ाई लड़ने के लिए कमर कस लें। राजद हीं किसानों की समस्या को लेकर गंभीर है। वर्तमान सरकार उदासीन रही है और यदि आपसबों ने किसानों के आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया तो पूर्ण विश्वास है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनेगी। उन्होंने किसान प्रकोष्ठ के संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और बूथ तक जाकर बूथ जीतो और सरकार बनाओ का मंत्र दिया।
इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. कांति सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की लड़ाई के साथ हम कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने कहा कि राजद ही वह पार्टी है, जो किसानों को मान-सम्मान दे सकती है और यदि आप सभी के माध्यम से किसानों की एकजुटता पार्टी के प्रति रही तो निश्चित रूप से किसान ही वह ताकत है, जो राजद की सरकार पुन: बिहार में बना सकती है।
इस अवसर पर बैठक को संबोधित करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष वृषिण पटेल, विक्रम कुंवर, विधायक सीताराम यादव, विधायक रविन्द्र सिंह, पूर्व विधायक नंदकिशोर राम, डॉ. विनोद कुमार यादवेन्दु, कार्यालय सचिव चन्देश्वर प्रसाद सिंह, महासचिव मदन शर्मा, फैयाज आलम कमाल, निर्भय अम्बेदकर, बुचुल सिंह यादव, रामवचन पांडेय सहित सभी जिलाध्यक्ष, प्रधान महासचिव एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहें।

You may have missed