एनडीए में मांझी के प्रवेश से लोजपा की बेचैनी बढ़ी, जदयू के खिलाफ प्रत्याशी देने पर विचार
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के प्रवेश ने गठबंधन के एक अन्य घटक लोजपा के भीतर बेचैनी बढ़ा दी है। इसी बीच लोजपा ने अगले सप्ताह अपने राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई है। जदयू के साथ लोजपा के बिगड़ते संबंधों के संकेत के बीच पार्टी सूत्रों ने कहा कि 7 सितंबर को बोर्ड की बैठक के एजेंडा में मुख्य मुद्दा यह है कि क्या जदयू के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतारना है?
बता दें चिराग पासवान की हाल के महीनों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ तेवर हमलावर रहे हैं। एक लोजपा नेता ने कहा कि हम निश्चित रूप से उन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने पर विचार कर रहे हैं जहां जदयू चुनाव लड़ेगी। वहीं चिराग ने इस संबंध में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया लेकिन कहा कि उनकी पार्टी उचित समय पर फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि मेरा ध्यान अपनी पार्टी को चुनाव के लिए तैयार करने पर है। मेरी पार्टी के हित में जो भी निर्णय लिए जाने हैं, उचित समय पर लिए जाएंगे।


