February 15, 2026

इस्लामपुर में बोले कुशवाहा : बड़े भाई और मंझले भाइयों ने 30 साल बिहार की जनता को ठगा

बिहारशरीफ। नालंदा जिला के इस्लामपुर में दूसरे चरण में 3 नवंबर को मतदान होना है। शुक्रवार को रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने जीएमके हाईस्कूल मैदान में अपने दल के प्रत्याशी भरत प्रसाद सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके गठबंधन की सूबे में सरकार बनी तो सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधार दी जाएगी। क्रिकेट की दुनिया में बिहार के लड़के भी खेलेंगे। कुछ दिन पहले तक 15 साल बनाम 15 साल की तुलना चल रही थी। लोग निराश थे कि अभी 15 साल तक जिनका शासन रहा, उन्होंने भी कुछ नहीं किया। इस बार हमें मौका दीजिए, हम बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार करेंगे। लालू-राबड़ी शासनकाल पर कटाक्ष करते हुए बिहार का सबसे बुरा हाल बताया। कहा कि उनके राज में तो कुछ भी नहीं हुआ। नीतीश कुमार ने कहा था कि बिहार में विकास करेंगे। लेकिन आप सरकारी अस्पतालों का हाल देख लीजिए। वहां इलाज नहीं होता, दवाई नहीं मिलती, वहां से वेतन उठाने वाले डॉक्टर अपने परिवार का इलाज निजी नर्सिंग होम में कराते हैं। सरकारी स्कूलों का हाल देख लीजिए। उसमें पढ़ाने वाले शिक्षक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाते हैं। कुशवाहा ने कहा कि जीडीएसएफ की सरकार बनी तो राज्य में चार उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। इनमें एक महिला को उप मुख्यमंत्री जरूर बनाएंगे। उन्होंने इस्लामपुर की चर्चा करते हुए कहा कि धैर्य की एक सीमा होती है। यहां की जनता ने लगातार एक ही पार्टी को कई बार मौका दिया, परंतु क्षेत्र का कोई विकास नहीं हो सका।
उन्होंने लालू-नीतीश पर जारेदार हमला बोलते हुए कहा कि बड़े भाई और मंझले भाइयों ने 30 साल बिहार की जनता को ठगा है। आप छोटे भाई को भी पांच साल देकर देखें, बिहार की तस्वीर बदल जाएगी। नीतीश कुमार ने 15 वर्षों में बिहार को बर्बाद कर दिया है। अस्पताल से लेकर थानों तक में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

You may have missed