September 18, 2025

‘आप’ ने सुना दिया बयानवीरों को, कहा- घटिया राजनीति पर उतर आये हैं

पटना। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील सिंह ने सभी नेताओं के बयानों का खंडन करते हुए कहा है कि अभी राजनीति करने का समय नहीं है। वैश्विक महामारी से हम सबको मिलकर लड़ना है और इस पर विजय प्राप्त करना है। आम आदमी पार्टी नाकारात्मक राजनीति नहीं करती है, हम काम पर विश्वास करते हैं। दिल्ली में जितने भी दिहाड़ी मजदूर रहते हैं उनसे बार-बार आग्रह किया जाता रहा है कि लॉकडाउन का पालन कीजिए। सभी लोगों के लिए ठहरने व खाने का इंतजाम दिल्ली सरकार द्वारा किया गया है। रोजाना दिल्ली में 4 लाख लोगों को खाना मिल रहा है। 71 लाख लोगों के घरों में राशन पहुंच चुका है। दिल्ली सरकार के सभी स्कूलों को अस्थायी तौर पर लोगों को रहने के लिए खोला गया है। वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन 5-5 हजार रुपया लोगों के खातों में डाला जा चुका है। जो निर्माण क्षेत्र से जुड़े मजदूर हैं उन्हें 5 हजार का अनुदान अलग से दिया जा रहा है। जो किरायेदार हैं, उनका किराया सरकार भरने जा रही है। सभी बिहारी मजदूर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बार-बार आग्रह कर रहे हैं कि आप लोग दिल्ली छोड़कर मत जाईये। बड़े-बड़े होर्डिंग भी इसी आलोक में लगाए गए हैं। बावजूद इसके हमें बहुत हैरानी और आश्चर्य होता है यहां के नेताओं के बयान पर, जो इस समय दे रहे हैं। ये वही नेता हैं जो असंवेदनशील व अवसरवादी हैं। जिन्हें इस वैश्विक महामारी से कोई लेना देना नहीं है। वे इस प्रकार की घटिया राजनीति पर उतर आये हैं।
सुशील सिंह ने कहा कि अगर इस वैश्विक महामारी से लड़ने में कहीं की सरकार सबसे आगे है तो वो दिल्ली सरकार है जहां के मुख्यमंत्री ने बेहतर तैयारी के साथ इस महामारी से जंग लड़ रही है। दिल्ली सरकार के काम-काज से बिहार सरकार को सीख लेना चाहिए और इस तरह की बयानबाजी बंद करनी चाहिए।

You may have missed