February 16, 2026

अंशु सहनी हत्याकांड की धधकी आग : ओल्ड बाइपास जाम कर उग्र लोगों ने काटा बवाल

पटना। राजधानी पटना के संदलपुर में 13 दिसंबर की सुबह हुई 17 वर्षीय अंशु सहनी की प्रेम प्रसंग में हत्या की आग धधकती जा रही है। हत्या के दिन से ही रोज बवाल हो रहा है। इसके दो दिन पूर्व आक्रोशित लोगों ने बहादुरपुर थाना का घेराव कर प्रेमिका के फरार पिता की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर घेराव व प्रदर्शन किया था। वहीं आज बुधवार को अंशु सहनी के हत्यारों को सजा और उसकी मां को आर्थिक मदद दिलाने की मांग के साथ पुरानी बाइपास पर कुम्हरार गुमटी के पास उग्र भीड़ ने आगजनी करते हुए रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। लगभग 40 मिनट तक रास्ता बंद रहने के बाद 3:15 बजे दोपहर पुलिस पहुंची, तब सड़कों के बीचों बीच जलते टायरों को हटाते हुए वाहनों की आवाजाही शुरू कराई जा सकी। हालांकि, इसके बाद भी प्रदर्शनकारी शांत होने को तैयार नहीं थे। भीड़ को जब पुरानी बाइपास सड़क से हटाया गया तो कुम्हरार पुल के फ्लैंक पर चढ़कर उग्र लोगों ने प्रदर्शन जारी रखा। यहां से भीड़ को हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने जब आक्रोशित लोगों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब पौने 4 बजे के करीब प्रदर्शनकारी शांत हुए।
बताते चलें कि पटना के संदलपुर गांव निवासी अंशु उर्फ लक्की किंग की गला काटकर हत्या करने के बाद लाश को उसके घर से कुछ ही दूर सड़क किनारे फेंक दिया गया था। 13 दिसंबर की सुबह लाश मिलने के कुछ समय बाद यह बात सामने आ गया था कि हत्या में उसकी प्रेमिका के परिजनों का हाथ है। फिर क्या था घटना से आक्रोशित लोगों ने परिजनों के साथ संदलपुर से सटे न्यू अजीमाबाद कॉलोनी में प्रेमिका के घर पर पथराव किया। पुलिस जब आरोपी भाई-बहनों को कब्जे में लेकर निकल रही थी, तब आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया था। शव मिलने के बाद जारी बवाल यहीं नहीं थमा। इसके अगले दिन 14 दिसंबर की दोपहर बहादुरपुर थाने के सामने भी संदलपुर के लोगों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रेमिका के परिजनों ने पुलिस को मैनेज कर लिया है। हालांकि पुलिस ने प्रेमिका के भाई और एक अन्य परिजन को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन पिता फरार है। इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है, जिसमें अंशु प्रेमिका के घर की ओर जाता दिख रहा है।

You may have missed