February 12, 2026

सीएम नीतीश द्वारा कैब का समर्थन का विरोध : जदयू कार्यालय के पास युवा राजद ने जदयू के संविधान का किया हवन

पटना। नागरिकता संशोधन बिल और एनआरसी का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा समर्थन करने के खिलाफ युवा राजद ने जदयू कार्यालय के सामने जदयू के संविधान का हवन किया। युवा राजद कार्यकर्ताओं द्वारा केन्द्र और नीतीश सरकार के संविधान विरोधी नीतियों के विरोध में नारे लगाये गये और नागरिकता संशोधन बिल तथा एनआरसी को वापस लेने की मांग की गयी। युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष मो. कारी सोहैब ने कहा कि नीतीश कुमार एक तरफ जदयू के संविधान में धर्मनिरपेक्षता की बात करते हैं तो दूसरी तरफ जदयू ने बिल का समर्थन कर संविधान और लोकतंत्र विरोधी करने का काम किया है। नीतीश कुमार ने संविधान विरोधी, गांधी विरोधी, लोहिया विरोधी, जेपी विरोधी बिल का समर्थन किया है। इसलिए युवा राजद ने जदयू के संविधान का हवन करने का काम किया। बिल वापस लेने की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आंदोलन और तेज होगा। युवा राजद प्रवक्ता अरूण कुमार यादव ने कहा कि देश तोड़ने और घृणा फैलाने वाले काला कानून का समर्थन करने के बाद मुख्यमंत्री का संविधान और धर्मनिरपेक्ष विरोधी चेहरा उजागर हो गया है। नीतीश के मुंह से अब धर्मनिरपेक्षता की बात करना शोभा नहीं देता है। उन्हें नैतिकता के आधार पर अविलंब इस्तीफा दे देना चाहिए।
हवन कार्यक्रम में जिला युवा राजद अध्यक्ष सतीश चन्द्रवंशी, महानगर अध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, युवा राजद के कार्यकारी अध्यक्ष रामराज कुमार, विमलेश यादव, अजीत कुशवाहा, शिवराज कुमार, मो. इसराइल मंसुरी, पप्पू यादव, राजन पासवान, अवनीश कुमार, ओमप्रकाश चौटाला सहित सैंकड़ों युवा राजद कार्यकर्ता थे।

You may have missed