सासाराम के बिक्रमगंज में भूमि विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी ने आरोप लगा कराई एफआईआर

बिक्रमगंज (सासाराम)। थाना क्षेत्र के जोन्ही स्थित विशम्भर टोला के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पत्नी ने आरोप लगाते हुए एफआईआर कराई है। घटना का कारण आपसी भूमि विवाद है। उक्त युवक का शव बलचंदवा मध्य विद्यालय के पास बुधवार को बरामद हुआ।

35 साल के बबलू सिंह की पत्नी कुंती देवी ने बताया कि उसके परिवार से उसके पट्टीदार का भूमि विवाद दो सालों से चल रहा है। मंगलवार की देर शाम करीब नौ बजे खाना खाकर उसका पति घर से बाहर निकला था जो वापस नहीं लौटा।
सुबह में उसका शव बलचंदवा मध्य विद्यालय के पास मिला। उसके शरीर पर छाती के पास जले का निशान व छेद है। उसने अपने पति को हत्या गोली मारकर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया है।
प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष खुर्शीद आलम ने बताया कि पत्नी ने आवेदन दिया है, जिसमें महेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह समेत करीब आधा दर्जन लोगों पर भूमि विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
प्रशिक्षु डीएसपी ने बताया कि मृतक के सीने पर जला हुआ और छेद है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा कि मृतक को गोली मारी गई है या मौत का कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच करेगी।