February 28, 2026

PATNA : धनरुआ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद पर युवक ने 50 वर्षीय व्यक्ति को मारी गोली, मौके पर गई जान

पटना। पटना के धनरुआ थाना क्षेत्र के मरहीपर गांव में मामूली विवाद में एक युवक ने 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। दिनदहाड़े हत्या के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक की पहचान मरहिपर गांव निवासी जय कुमार के रूप में की गयी है। वहीं हत्या का आरोप गांव के ही मोनू कुमार पर है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि रामबाबू के दालान पर कई लोग मौके पर मौजूद थे। अचानक जय कुमार और मोनू के बीच विवाद हुआ। इसके मोनू ने नाराज होकर कमर से पिस्टल निकालकर जय कुमार को गोली मार दी। मौके पर उसकी मौत हो गयी। वही गोलीबारी के बाद मौके से सभी लोग भाग गये। गोलीबारी के आरोपी मोनू के मौके से भागने के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गयी। धनरुआ थाना प्रभारी दीनानाथ सिंह ने बताया कि मामूली विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

You may have missed