February 17, 2026

गया में डीजे बजाने के विवाद में युवक को रोड से मारा, मौके पर ही हुई मौत

गया। बिहार के गया में बरात में शामिल एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र की है। घटना में कई लोग घायल भी बताए गए हैं। घटना तब हुई जब डीजे पर गाने बजाने को लेकर शादी में विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद लोगों ने उग्र रूप ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार चंंदौती थाना अंतर्गत बलना गांव से सुरेश यादव के पुत्र संगम कुमार की बारात शुक्रवार की रात को बेलागंज थाना क्षेत्र के नीमचक गांव में गई थी। बलना गांव से बारात में कमलेश चौधरी भी गया था। बारात में डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ। लेकिन मामले को शांत करा लिया गया। हालांकि इसके बाद फिर से विवाद शुरू हुआ और इस घटना में 30 वर्षीय कमलेश चौधरी की हत्या कर दी गई।
रॉड से प्रहार कर की गई हत्या
युवक को पहले पीट-पीटकर और उसके बाद रॉड से प्रहार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं, इस घटना में कई और लोग भी घायल भी हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोगों ने तुरंत कमलेश चौधरी को मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर लोग काफी आक्रोशित हैं।
बाराती सराती दोनों पक्ष पर आरोप
इधर, इस मामले को लेकर मृतक के पिता रामाशीष चौधरी ने बताया कि बाराती और सराती दोनों पक्ष के कुछ लोगों ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की है। वहीं, इस घटना के बाद मृतक कमलेश चौधरी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी रंजू देवी ने भी बताया कि मेरे पति की रॉड से मारकर हत्या की गई है। बेरहमी से मेरे पति की हत्या हुई है। इसमें बाराती और सराती दोनों पक्ष के कुछ लोग शामिल हैं।

You may have missed