नालंदा में सर्पदंश से युवक की मौत, झाड़फूंक के चक्कर में गई जान
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में देर रात जमीन पर सोते युवक को सांप ने डस लिया। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय भगत के पास झाड़फूंक कराने के लिए ले गए। पर सांप का जहर चढ़ता चला गया। फिर परिजन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान कटौना गांव निवासी रामचंद्र कुमार के 35 वर्षीय पुत्र बंटी राम के रूप में की गई। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि बंटी राम घर में सोया हुआ था। रात करीब 1 बजे जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। दर्द से जब उसकी नींद खुली तो सांप को भागते देखा। शोर मचाने पर अन्य परिजनों की नींद खुल गई और उन्होंने सांप को मार डाला। इधर, परिजन युवक को झाड़-फूंक के लिए भगत के पास ले गए। जहां हालत में सुधार होने की बजाए युवक और गंभीर हो गया। इसके बाद परिजनों ने बंटी को पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कतरीसराय थानाध्यक्ष सत्यम तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। यूडी केस दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। बंटी राम का एक 4 साल का पुत्र और 2 साल की पुत्री है।


