PATNA : संपतचक में घास काटने गए युवक की करंट लगने से मौत, पटना-गया हाईवे जाम कर प्रदर्शन
फुलवारी शरीफ। पटना के गोपालपुर थाना अंतर्गत इलाहीबाग अकल टोला निवासी 32 वर्षीय युवक रासबिहारी की घास काटने के क्रम में करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इधर गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर पटना-गया रोड को लगभग एक घंटा जाम कर मुआवजे की मांग की गई। मौके पर पहुंचे गोपालपुर थाना प्रभारी और सीओ द्वारा ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम को हटाया गया। संपतचक अंचलाधिकारी मुकुल झा ने परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन के अंतर्गत जो भी राशि आती है, वह आप लोग को दिलाया जाएगा। वहीं तत्काल अंचलाधिकारी द्वारा 20,000 नगद राशि मृतक के परिजनों को दिया गया। गरीब किसान परिवार के युवक रासबिहारी की मौत से परिजनो में चित्कार मचा रहा। उनकी पत्नी पति की लाश देख पछाड़ खाकर बेहोश गयी। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि किसान परिवार के रासबिहारी जानवरों का चारा लाने खेत में गए थे, जहां खेतों में पटवन के लिए नंगा तार बिछाकर छोड़ दिया गया था। इसी नंगा करंट प्रवाहित तार की चपेट में रासबिहारी आ गए और मौके पर ही तडप-तड़प कर उनकी मौत हो गयी। इससे पहले उधर खेत में तड़पता हुआ देख अन्य किसान दौड़े दौड़े वहां पहुंचे और हल्ला मचाकर लोगों को जमा किया। ग्रामीण किसी तरह लाईन कटवा कर युवक को अस्प्ताल ले जाने लगे लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक अपने परिवार का कमाने वाला अकेला कमाऊ सपूत था।
वहीं ग्रामीण सुबह-सुबह ही इलाहीबाग के पास शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग करने लगे। सड़क जाम से हाइवे पर पटना-गया-मसौढ़ी-जहानाबाद से आने जाने वाले वाहन फंस गए। वहीं मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिवार को नियानुसार मिलने वाली सरकारी मुआवजा दिलाने, तत्काल बीस हजार की मदद के बाद सड़क जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप।दिया। अब परिवार के सामने उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चों समेत अन्य सदस्यों का भरण पोषण की चिंता सताने लगी है। स्थानीय राजद नेता विजय यादव और अन्य ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मुआवजा के अलावा पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की है।


