November 17, 2025

मुंगेर में प्रेमिका से झगड़ा के बाद गंगा में कूदा युवक, मचा हड़कंप, तलाश जारी

मुंगेर। मुंगेर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक घटना सामने आई है। श्री कृष्ण सेतु से एक युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। कासिम बाजार थाना क्षेत्र के मकससपुर निवासी राज कुमार राम के 25 साल के बेटे चिराग उर्फ धीरज कुमार की तलाश गोताखोर कर रहे हैं। राजमिस्त्री का काम करने वाला धीरज अपने दोस्तों के साथ सेतु पर घूमने गया था। इस दौरान उसके मोबाइल पर एक लड़की का फोन आया। फोन पर हुई नोकझोंक के बाद वह सीधे श्री कृष्ण सेतु पर पहुंच गया। युवक ने अपने रिश्तेदार की बहन को फोन कर बताया कि वह आत्महत्या करने सेतु पर आया है। परिजनों को तुरंत बुलाने को कहा। परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी और सेतु की ओर रवाना हो गए। सेतु पर पुलिस और परिजन एक साथ पहुंचे। पुलिस को देख युवक आक्रोशित हो गया। उसने परिजनों से कहा कि उसने सिर्फ उन्हें बुलाया था, पुलिस को क्यों लाए। जैसे ही पुलिस वाहन से उतरी, युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। परिजन और पुलिस कुछ कर नहीं पाए। घटना के बाद पुलिस और परिजन ने इसकी जानकारी सदर एसडीओ शैलेन्द्र कुमार सिंह को दी। एसडीओ शैलेंद्र सिंह ने जिला आपदा प्रभारी कुमार अभिषेक की मदद से लापता युवक को खोजने के लिए मोटरवोट से गोताखोर को लगाया, मगर अबतक युवक की तलाश नहीं हो पाई है। घटना को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले को लेकर कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबीकांत कच्छप ने बताया कि 112 पर सूचना आने के बाद थाना की पुलिस परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली। गोताखोर की ओर से गंगा में युवक को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। अबतक कोई पता नहीं चल पाया है।

You may have missed