बिहार के 19 जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट, 15 मई तक मौसम रहेगा खराब

  • 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा, वज्रपात की भी चेतावनी
  • प्री-मानसून गतिविधियां हुईं तेज, सामान्य से 193 प्रतिशत अधिक दर्ज हुई बारिश

पटना। बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों के लिए बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के पटना केंद्र के अनुसार राज्य में 15 मई तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। उत्तर बिहार, उत्तर-पूर्व बिहार और दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में इस दौरान बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले दो से तीन दिनों में कुछ क्षेत्रों में तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट आने की संभावना है। राजधानी पटना में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया गया है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवा चलने की संभावना भी व्यक्त की है। पटना में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 11 मई को उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में आंधी और वज्रपात का विशेष अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 मई को उत्तर बिहार में तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। दक्षिण बिहार में भी आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। 13 से 15 मई के बीच उत्तर-पूर्व और उत्तर-मध्य बिहार में मेघ गर्जन और तेज हवा का प्रभाव जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां सामान्य से काफी अधिक सक्रिय हो चुकी हैं। यही कारण है कि बिहार में इस वर्ष अब तक सामान्य से 193 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय और नालंदा सहित कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में जहां सामान्य रूप से लगभग 37.8 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं इस बार 111 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा पूर्णिया जिले में दर्ज की गई, जहां लगभग 35 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा सीमांचल और मिथिलांचल के कई जिलों में भी अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। तेज हवाओं और बादलों के कारण दिन के तापमान में कमी आई है और कई स्थानों पर मौसम सुहावना बना हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री से 38.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान कैमूर में 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गया में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा। खराब मौसम और संभावित लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। पटना जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को लू, आंधी, तूफान और वज्रपात से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि मई और जून के महीनों में लू का प्रभाव सबसे अधिक रहता है। ऐसे में सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखा गया है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को हीट स्ट्रोक, शरीर में पानी की कमी, बेहोशी, जलने और चोट लगने जैसी समस्याओं के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। सभी अस्पतालों में आपातकालीन वार्ड सक्रिय रखने, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने तथा ऑक्सीजन, स्लाइन, बर्फ, ओआरएस और जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदानों में जाने से बचने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

You may have missed