February 22, 2026

मुजफ्फरपुर में महिला की घर में घुसकर हत्या, सोते समय सिर पर वार कर बदमाशों ने ली जान

  • 14 वर्षीया पुत्री के सामने अपराधियों ने सिर पर किये ताबड़तोड़ वार, अंधेरे के कारण हत्यारे को नहीं पहचान सकी मासूम

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिलें में एक महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। घर में सो रही महिला के सिर पर वार कर मार डाला गया। घटना कांटी थाना के यशोदामठ गांव की है। मृतका की पहचान 45 वर्षीय रेखा देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। हत्या क्यों की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। वही कांटी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना की तहकीकात की जा रही है। मृतका की 14 वर्षीया पुत्री नंदनी कुमारी ने पुलिस को बताया कि देर रात घर के पिछले दरवाजे से एक बदमाश अंदर घुसा। उसने घर में सो रही उसकी मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में महिला का सिर फट गया था। अंधेरा होने के कारण वह हत्यारे को नहीं पहचान सकी।

जानकारी के अनुसार, हत्या में गांव के ही कुछ दबंगों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। हालांकि इस बाबत परिजन खुलकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। रेखा देवी के पति मंगर साह दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना की खबर मिलने के बाद रेखा देवी की मां व उसके अन्य रिश्तेदार घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद परिजन सहमे हुए हैं। वही थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के चचेरे ससुर मोतीलाल साह ने अज्ञात पर हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। इसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद हत्या का रहस्य सामने आएगा। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

You may have missed