February 25, 2026

PATNA : विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत, पति समेत 7 ससुराली परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज

फतुहा। पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के कोल्हर टोला पर मंगलवार को एक 24 वर्षीया विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। जब इस बात की जानकारी विवाहिता के मायके वालों को हुई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर विवाहिता के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। पुलिस ने विवाहिता का शव उस समय बरामद किया जब विवाहिता के शव को अर्थी पर लोग ले जाने की तैयारी में जुटे थे। पुलिस को देखते ही विवाहिता के पति समेत अन्य ससुराली परिजन फरार हो गए। वहीं विवाहिता के पिता चक पितम्बरपुर गांव निवासी शिव नारायण प्रसाद ने थाने में मृतका के पति समेत सात अन्य ससुराली परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न में जहर खिला मार देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करायी है।
विवाहिता के पिता की माने तो वह अपनी पुत्री रंजू कुमारी की शादी तीन साल पहले की थी। शादी के समय लाखों रुपये खर्च किया था। उन्होंने बताया कि एक साल पहले दामाद को जीवन निर्वाह के लिए एक ट्रैक्टर तथा एक पावर टेलर भी खरीदकर दिया था। लेकिन कुछ दिनों से उनकी पुत्री रंजू कुमारी को उसका पति व अन्य ससुराली परिजन एक बोलेरो गाड़ी दिलाने के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। वहीं विवाहिता के ससुराली गांव के ग्रामीणों के अनुसार, विवाहिता ने पारिवारिक कलह में विषपान कर खुदकुशी कर ली है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि विवाहिता की मौत कैसे हुई है? वैसे पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

You may have missed