मुजफ्फरपुर के कांटी में दहेज में कार न देने पर महिला को जिंदा जलाया

मुजफ्फरपुर । जिले के कांटी थाना क्षेत्र के नुरूलपुर बंगरा में दहेज नहीं देने पर महिला को जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में उसे पटना स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां रविवार की देर रात उसकी मौत हो गई। महिला परवीन उर्फ हिना (27) है।

महिला के चाचा मो. शमीम ने बताया कि नौ साल पहले कांटी थाना के नुरूलपुर बंगड़ा के शिक्षक मो. कुतुबुद्दीन से निकाह हुआ था। इसके बाद से ही वह उसे प्रताड़ित करता था। मारपीट करता था।

दहेज में कभी बाइक, तो कभी सोने की चेन मांगता था। विरोध करने पर उसकी पिटाई करता था। दो माह से महिला को मायके से दहेज में कार लाने का दवाब बनाया जाता था। उसने इनकार कर दिया तो उसके साथ मारपीट की गई।

एक सप्ताह पहले भी इसी बात पर उसके साथ मारपीट कर उसे जिंदा जला दिया। आसपास के लोग जुट गए तो आग बुझाकर मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के पिता मोहम्मद अजीम और चाचा शमीम समेत अन्य लोगों ने इसकी सूचना मिली।

वे लोग अस्पताल पहुंचे तो आरोपितों ने गैस से जलने की बात बताई। संदेह हुआ तो गांव में जाकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। जब वे लोग आग बुझाने गए थे तो केरोसिन तेल की महक आ रही थी। तब पता चला कि केरोसिन छिड़क जिंदा जलाया गया है।

देर रात महिला की हालत बिगड़ने लगी। चाचा शमीम ने बताया कि वह करीब 85 प्रतिशत जली हुई थी। बहुत गंभीर हालत थी। फिर भी एक सप्ताह जिंदगी-मौत से जूझती रही। अंत में दम तोड़ दिया। इसी दौरान आरोपित पति समेत अन्य ससुराल वाले अस्पताल से फरार हो गए।

अगमकुंआ थाना की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर परिजन का बयान दर्ज किया। इसकी कॉपी कांटी थाना को भेजी जाएगी। इधर, कांटी थानेदार कुंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी, लेकिन कोई शिकायत नहीं मिली थी। अपने स्तर से जांच की जा रही है।

About Post Author

You may have missed