मुजफ्फरपुर के मुशहरी में भूमि विवाद में महिला के साथ मारपीट, हाथ-पैर तोड़ने के बाद की ये शर्मनाक हरकत

मुजफ्फरपुर । जिले के मुशहरी प्रखंड में भूमि विवाद में महिला के हाथ-पैर तोड़ दिया, इसके बाद भी मन नहीं भरा तो वरन उसके नाजुक अंगों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। जब ये घटना को अंजाम दिया जा रहा था तो आसपास के लोग मूकदर्शक बने रहे।

बाद में पीड़िता के परिजनों ने उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया। घटना के बाद से गांव में तनाव है। वहीं पीड़िता के पति ने मुशहरी थाने में एफआईआर करने के लिए आवेदन दिया है। घटना के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि पीड़िता और आरोपितों के बीच कई माह से विवाद चल रहा है।
इस बीच पीड़िता की शिकायत के बाद सीओ ने विवादित भूमि की मापी करवाई और रैयती जमीन पर पीड़िता को कब्जा दिलाया। फैसला हक में नहीं होने से लखन साह व उनके परिजन नाखुश चल रहे थे। वे कोई न कोई बहाना निकाल कर पीड़िता के साथ धक्का मुक्की करते थे।
उसे परेशान करने का कोई भी मौका अपने हाथ से जाने नहीं देते थे। उसके खेत से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास हो रहा था, जिससे उसकी फसल को नुकसान हो। इस बीच विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने लाठी-डंडे से प्रहार कर महिला का बायां हाथ और दायां पैर तोड़ दिया।
इसके बाद तो हद हो गई आरोपियों ने उसके नाजुक अंगों में लाल मिर्च पाउडर भर दिया। घायल महिला वहां कराहती रही, लेकिन आरोपितों ने एक नहीं सुनी। पीड़िता के पति ने डुमरी के लखन साह, मक्खन साह, रामू साह, राजू कुमार, राम कुमार सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को आरोपित किया है।
मुशहरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर लखन साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की संजू देवी ने भी थाने में आवेदन दिया है। इसके आलोक में रवि रंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।