केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार बिहार को पीएफआई का अड्डा नहीं बनने देगी : नित्यानंद राय
- पीएफआई के ठिकानों पर छापेमारी पर बोले नित्यानंद राय, नीतीश-तेजस्वी पर साधा निशाना
पटना। पीएफआई कनेक्शन को लेकर एनआईए की टीमें बिहार, यूपी और मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों की 17 लोकेशन पर रेड कर रही हैं।बिहार के मोतिहार, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीवान और कटिहार में एनआईए की टीम ने छापेमारी की है। देश के अलग अलग राज्यों में एनआईए की इस छापेमारी पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि देश की सुरक्षा केंद्र सरकार की पहली प्राथमिकता है और उसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। वहीं बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर वे नीतीश-तेजस्वी की सरकार पर खूब बरसे। पीएफआई के खिलाफ एनआईए के एक्शन पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि देश की सुरक्षा और शांति व्यवस्था हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है और उसी के तहत कार्रवाई की जा रही है। भारत के कानून ने एनआईए को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकार दे रखा है। बिहार को आरामगाह मान रहे पीएफआई के खिलाफ एनआईए स्वतंत्र रूप से उसी कानून के तहत काम कर रहा है। वहीं बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय नीतीश-तेजस्वी की सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद बिहार में जघन्य अपराध बढ़ा है।बिहार से लोग पलायन कर रहे हैं। बच्चों के माता-पिता डरे और सहमे हुए हैं। नीतीश और तेजस्वी की सरकार अपराध के सही आंकड़े नहीं दें रही है। वहीं नीतीश के विपक्षी एकजुटता वाली मुहिम पर नित्यानंद राय ने कहा कि नीतीश अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रहे हैं। उन्हें कोई पूछ नहीं रहा और वे समर्थन मांगते फिर रहे हैं।


