प्रदेश में बढ़ेगी कनकनी के साथ ठंड: कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी, गिरेगा पारा

पटना। बिहार में सर्द हवा की वजह से ठंड ने लोगों को परेशान कर रखा है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी 38 जिलों में सिविर कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक एसके पटेल के अनुसार अगले चार दिनों तक दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह-शाम ज्यादा ठंड व कनकनी महसूस होगी। रात का तापमान 2 से 3 डिग्री गिरेगा। शनिवार से मंगलवार तक राज्य के अधिकांश जिलों में सीवियर कोल्ड डे या कोल्ड डे का अलर्ट है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 38 जिलों में सीवियर कोल्ड डे और घने स्तर के कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, समस्तीपुर शामिल हैं। इसके अलावा दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और बांका में भी अलर्ट जारी है। शुक्रवार को करीब एक हफ्ते के बाद धूप निकली। जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। सुबह-शाम कोहरा छाया रहा। लेकिन, शाम होते ही पछुआ हवा से कनकनी बढ़ गई। वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान बक्सर सबसे ठंडा रहा जहां का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री और अधिकतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। लोकमान्य तिलक गुवाहाटी एक्सप्रेस, सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस, नई दिल्ली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस आज भी घंटों लेट है। जबकि 15658 ब्रह्मपुत्रा मेल एक्सप्रेस, 20802 नई दिल्ली इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर है। टाइमिंग में बहुत सुधार हुआ है। ये गाडियां प्रतिदिन लेट चल रही थीं। वहीं नई दिल्ली राजेंद्र नगर संपूर्ण क्रांति की टाइमिंग में आज भी सुधार नहीं हुआ है। ये गाड़ी शुक्रवार की तरह आज भी घंटों लेट है। 03229 पूरी से पटना आने वाली गाड़ी भी समय से है।

You may have missed