भागलपुर में मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के इंडोर स्टेडियम का किया निरीक्षण, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

भागलपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को भागलपुर स्थित सैण्डिस कंपाउंड के इंडोर स्टेडियम में ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्टेडियम परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। दर्शकों एवं खिलाड़ियों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली और छत्तीसगढ़ के बीच चल रहे महिला सिंगल बैडमिंटन मुकाबले का भी अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल की सराहना करते हुए उन्हें मन लगाकर खेलने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों से बातचीत की और खेल के क्षेत्र में बिहार की उपलब्धियों और संभावनाओं पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ जैसे आयोजन प्रदेश के युवाओं को नई ऊर्जा देते हैं और राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करते हैं। उन्होंने भागलपुरवासियों को इस बड़े आयोजन का हिस्सा बनने के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम परिसर का भी भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आयोजन भव्यता के साथ संपन्न हों। कार्यक्रम में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, बांका के सांसद गिरिधारी यादव, सुलतानगंज के विधायक ललन कुमार, नवगछिया के विधायक गोपाल मंडल, भागलपुर के विधायक पवन यादव, कहलगांव के विधायक ललित नारायण मंडल, पूर्व सांसद बुलो मंडल एवं कहकशां परवीन सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन एवं खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार, भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत सहित अन्य वरीय अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की इस यात्रा ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और आयोजन को एक नई दिशा दी। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई कि ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के जरिए बिहार खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाएगा।
